दलित साहित्य साहित्य का लोकतंत्र है। भारतीय समाज की वीभत्स जातिवादी मानसिकता का यथार्थ दलित आत्मकथाओं में मुखरता के साथ आया है। एक ओर जहाँ दलित आत्मकथाएँ दलितों की जीवन शैली में जाति के कहर को स्पष्ट बयान करती हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार, प्रशासन और समाजसेवकों के लिए एक बहुत बड़ा प्रमाण भी हैं, जिनके आधार पर समाज को बेहतर बनाने की योजनाएँ बना सकते हैं। मसलन जातिवादी व्यवहार के लिए कठोर कानूनी प्रावधान, दलित बालकों की शिक्षा के लिए उचित प्रावधान, मजदूर को उचित पारिश्रमिक, विद्यालय का जातिरहित वातावरण, पूर्णतः लोकतांत्रिक व्यवहार, छात्रवृत्ति की सुगमता आदिआदि। श्यौराज सिंह बेचैन से मुलाकात उनके भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान शिमला, हिमाचल प्रदेश में फेलो के समय 2009 में हुई थी। डॉ. धर्मवीर के माध्यम से ही उनसे परिचय हुआ था। मुझे याद है कि उन्होंने मुझे उस समय अपनी आत्मकथा ‘मेरा बचपन मेरा कंधों पर’ के प्रिंट दिए थे। जब तक यह पुस्तक रूप में प्रकाशित नहीं हुई थी। मैंने आत्मकथा पढ़नी शुरू की तो चारपाँच दिन में ही उसे पूरा पढ़ गया। इससे पहले मैं ‘जूठन’ और ‘अपने अपने पिंजरे’ पढ़ चुका था। ओमप्रकाश वाल्मीकि और मोहनदास नैमिशराय का बचपन कंटकों से घिरा था परंतु जब ‘मेरा बचपन मेरे कंधों पर’ की पांडुलिपि पढ़ी तो श्यौराज सिंह बेचैन के बचपन ने जो मार्मिक छाप मेरे मनमस्तिष्क पर छोड़ी, वह अद्भुत थी। कई महीनों तक बालक सौराज मेरे अस्तित्व का हिस्सा रहा। मैं उसके अपने बचपन के साथ अपनी समानता बिठाता रहा। हालांकि मेरे पिता मेरे बी.ए. करने तक जीवित रहे, परंतु शैक्षिक मार्गदर्शन की हमेशा कमी खलती रही। काका लाला के यहाँ से ब्याज पर रुपए लेकर आते थे और हमें पढ़ाते थे। उनका पूरा जीवन कर्ज में ही बीता। परंतु श्यौराज सिंह का बचपन तो विभीषिकाओं की एक शृंखला ही बना रहा। मैंने यह आत्मकथा अनेक लोगों को पढ़वाई, खासकर अपने विद्यार्थियों को। दलितों की अधिकांश आबादी आर्थिक अभाव की अभ्यस्त होती है, जिसके कारण उनमें शिक्षा के प्रति गंभीरता का अभाव अनायास बन जाता है। जबकि शिक्षा ही सभी समस्याओं की एकमात्र औषधि है। आर्थिक अभावों को अपनी उन्नति में बाधक मानने का बहाना करने वालों को एक बार अवश्य ‘मेरा बचपन मेरे कंधों पर’ आत्मकथा को पढ़ लेना चाहिए। दलित आत्मकथाएँ दलित और अभावग्रस्त बालकों के बीच कर परिश्रम का संचार करने का एक बहुत बड़ा स्रोत हैं। इनका प्रचार और प्रसार भारत में अति आवश्यक है। दलित आत्मकथाओं ने सवर्ण विद्यार्थियों को भी सोचने का अवसर दिया है। उनमें भी अनेक अपने व्यवहार में लोकतांत्रिक हुए हैं। यह दलित आत्मकथा का भारतीय समाज को अवदान है।
डॉ. राजेन्द्र बड़गूजर एम.ए. (हिन्दी तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार), एम.फिल.(हिन्दी), पी.जी.डी.टी., पीएच.डी., डी.लिट्.
प्राक्कथन मेरा बचपन मेरे कंधों पर: दलित बचपन पर व्यवस्था की मार वर्तमान समय का अपरिहार्य कवि: श्यौराज सिंह बेचैन आजीवक जीवनशैली का मुखर कवि बेचैन कवि श्यौराज सिंह विपन्न होने की इंतहा है ‘मेरा बचपन मेरे कंधों पर’