हिंदी का पहला लेस्बियन उपन्यास एकांकी (Hindi Ka Pehla Lesbian Upanyas Ekanki)

सुधा सिंह

Rs.595.00

9789391798253
9788169517508
For institutional ebook prices, contact
sales@academicpublication.in


Hardcover
Academic Publication
2022

Description

एकाकिनी' उपन्यास की हिंदी में उस तरह चर्चा नहीं हुई जिस तरह ‘लिहाफ’ कहानी की हुई। इसके क्या कारण हो सकते हैं? इसकी अभी समीक्षा होनी बाकी है । आशा सहाय घरेलू किस्म की महिला थीं। 'एकाकिनी' उनका पहला उपन्यास है। शिवपूजन सहाय ने उपन्यास की भूमिका में भी लेस्बियनवाद की चर्चा तक करना जरूरी नहीं समझा, जबकि यह इस उपन्यास में व्यक्त अनेक समस्याओं में सेलेस्बियन प्रमुख प्रवृत्ति है। 'लिहाफ' और 'एकाकिनी' दोनों का लेस्बियन के प्रति नजरिया एकदम भिन्न है। लेस्बियन समस्या को इन दो रचनाओं में दो भिन्न परिप्रेक्ष्य में देखा गया है। ये दोनों रचनाएँ लेस्बियन पाठ हैं या नहीं, इसे तय करने से पहले यह निश्चित करना होगा कि लेस्बियन की परिभाषा क्या है? लेस्बियन को स्त्री मानें या स्त्री-पुरुष से भिन्न श्रेणी में रखें? लेस्बियन प्रवृत्ति क्या भारतीय परंपरा में अछूत थी? आदि प्रश्नों पर विचार करना होगा। लेस्बियन स्त्रीवादी साहित्य-समीक्षा के मानदंडों के निर्माण की परंपरा बड़ी पुरानी रही है। इन सिद्धांतकारों-समीक्षिकाओं में बानी जीमिरमैन, बारबरा स्मिथ, एट्रीनीरीच, जीनेट रुले, मोनिका वीटिंग, वर्जीनिया वुल्फ, लीविसरीना, डायना फूज, सडे बूचर, इली बुल्किन, लिलियन फेडरमैन, जीनित फोस्टर, डोलोर क्लिशे, एलिनी मार्क्स, मेरीलीवर्टिन, जनी गुर्को, वार्था हेरिस, वी. हावगीज, मारग्रेट हाक्स, एलिजावेथ एडिल आदि का कार्य महत्त्वपूर्ण माना जाता है। लेस्बियन स्त्रीवादी चिंतन की मान्यता है कि सामाजिक व्यवस्था में अगर स्त्री सबसे ज्यादा उत्पीड़ित है तो स्त्रियों में लेस्बियन स्त्री को सबसे अधिक दमन, उत्पीड़न एवं उपेक्षा का सामना करना होता है। लेस्बियन पदबंध स्त्री की स्त्री के प्रति काम-दशा का प्रतीक मात्र नहीं माना जाता था किंतु इसके अर्थ को विगत पचास वर्षों में विस्तार मिला है, उसमें नए आयाम जुड़े हैं। मेरे खयाल से 'एकाकिनी' और 'लिहाफ' में दो तरह के अर्थ छिपे हैं। लिहाफ' में लेस्बियन का अर्थ है स्त्री की स्त्री के प्रति कामुक दशा का रूपायन, जबकि 'एकाकिनी' में इस अर्थ के साथ-साथ स्त्री की सक्रियता और प्रतिरोध की अभिव्यक्ति भी हुई है।

About Author

संपादक सुधा सिंह : जन्म कोलकाता, प. बंगाल । कलकत्ता विश्वविद्यालय से एम. हिंदी (स्वर्ण पदक), सुप्रसिद्ध आलोचक रामविलास शर्मा के आलोचना कर्म पर पीएच. डी । श्री शिक्षायतन महाविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय से व्याख्याता (हिंदी) की नौकरी का आरंभ। तत्पश्चात् विश्वभारती विश्वविद्यालय, प. बंगाल में हिन्दी व्याख्याता के पद पर लगभग पांच वर्षो तक अध्यापन। सन् 2004 में, हिंदी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय में रीडर (मीडिया, जर्नलिज्म और अनुवाद) पद पर नियुक्ति । सन् 2010 से हिंदी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और सन् 2020 से हिंदी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय मे ही सीनियर प्रोफेसर पद पर कार्यरत । सन् 2010-12 तक आईसीसीआर चेयर पर अश्गाबात, तुर्कमेनिस्तान में हिंदी भाषा और साहित्य की संस्थापक विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में कार्य । आलोचना, मीडिया, पत्रकारिता और अनुवाद के क्षेत्र में अनेक पुस्तकें प्रकाशित । बांग्ला से हिंदी में राससुंदरी दासी की आत्मकथा का 'मेरा जीवन' नाम से अनुवाद । अंग्रेजी से हिंदी में 'जनमाध्यम', 'जनतंत्र जनमाध्यम और वर्तमान संकट', 'सूचना समाज' पुस्तकों का संपादन और अनुवाद। महत्वपूर्ण आलोचना पुस्तकों में 'आधुनिक काल और रामविलास शर्मा', 'ज्ञान का स्त्रीवादी पाठ', 'जनमाध्यम सैद्धांतिकी', 'स्त्री संदर्भ में महादेवी', 'स्त्री कथा', 'स्त्री अस्मिताः साहित्य और विचारधारा', 'मध्यकालीन साहित्य विमर्श' (सं), 'मीडिया प्राच्यवाद और वर्चुअल यथार्थ', 'स्वाधीनता संग्राम हिंदी प्रेस और स्त्री का वैकल्पिक क्षेत्र', 'वैकल्पिक मीडिया लोकतंत्र और नॉम चोमस्की आदि । लेखक आशा सहाय का रयि बिहार से रहा। इन्होंने मुख्यतः कविता, कहानी और उपन्यास लिखे हैं। आशा सहाय का 'एकाकिनी' शीर्षक से पहला उपन्यास सन् 1947 में छपा, आलोचक जगदीश्वर चतुर्वेदी के अनुसार यह 'हिंदी का पहला लेस्बियन उपन्यास' है। इसे इस रूप में पढ़ा जाना चाहिए। सन् 1978 में इनका दूसरा उपन्यास 'आवरण' नाम से छपा। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में इनकी कविता और कहानियाँ भी प्रकाशित होती रही हैं। इनके पिता और ससुर दोनों जज थे। पति डॉ ब्रजनाथ सहाय ने इनकी साहित्यिक अभिरुचियों को सराहना दी। इनके उपन्यासों के मनोवैज्ञानिक पक्ष अत्यंत सुदृढ़ हैं। अनेक रूढ़ सामाजिक पक्षों को मनोविज्ञान के धरातल से चुनौती दी गई है। आशा सहाय की विशेषता है कि वे केवल साहित्य के क्षेत्र में ही नहीं राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहीं। सन् 1942 के आंदोलन में इन्होंने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। स्वतंत्र चेतना और मुक्ति की आकांक्षा- इनके लेखन और जीवन का बीज मंत्र है। यही कारण है कि अपने पहले ही उपन्यास 'एकाकिनी' में वे सामाजिक रूढ़ियों और बंधनों को अपनी स्त्री दृष्टि की विवेचना के केन्द्र में रखती हैं। परिवार, जीवन, स्त्री-पुरुष और स्त्री - स्त्री के बीच के संबंधों को तथ्यपरकता और साहस के साथ रखने और परखने का काम आशा सहाय का साहित्य करता है।

Table of Content

-