लिंगभेद पितृसत्ता और स्त्रीवाद (Lingbhed Pitrasatta aur Strivad)

जगदीश्वर चतुर्वेदी, सुधा सिंह

Rs.1295.00

9789383931453
9788169517867
For institutional ebook prices, contact
sales@academicpublication.in


Hardcover
Academic Publication
2021

Description

हिन्दी की आलोचना में परंपरा और आधुनिकता पर खूब चर्चा हुई है लेकिन पितृसत्ता पर एकदम चर्चा नहीं हुई है। परंपरा और आधुनिकता की बुनियाद है पितृसत्ता । पितृसत्ता को चुनौती दिए वगैर परंपरा और आधुनिकता की बुनियाद नहीं बदल सकते। हकीकत यह है हिंदी के अधिकांश समीक्षकों में पितृसत्ता के प्रति आलोचनात्मक विवेक का अभाव है। उल्लेखनीय है धर्मनिरपेक्ष आलोचना का परिप्रेक्ष्य पितृसत्ता से टकराए, उसकी मीमांसा किए बगैर निर्मित करना संभव नहीं है। आधुनिकता की पहली बड़ी वैचारिक लड़ाई पितृसत्ता और पुंसवादी विचारधारा से है । आधुनिककाल या पहले के किसी भी काल की आलोचना, संस्कृति, इतिहास आदि का कोई भी विमर्श पितृसत्ता की उपेक्षा करके विकसित नहीं हुआ है। पितृसत्ता सभी विचारधाराओं की धुरी है। समाज में किस विचारधारा का वर्चस्व होगा यह इस बात से तय होगा कि आखिरकार पितृसत्ता के साथ किस तरह का संबंध है। प्राचीनकाल से लेकर आधुनिककाल तक का समूचा विमर्श पितृसत्ता के साथ अपना रवैय्या तय करके ही विकास कर पाया है। मजेदार बात है हिन्दी में पितृसत्ता वर्चस्व बनाए हुए है, हमने कभी इसके बारे में बहस नहीं की, आलोचना नहीं लिखी। सवाल किया जाना चाहिए क्या पितृसत्ता को चुनौती दिए बिना धर्मनिरपेक्ष समाज और आलोचना का विकास संभव है ? क्या पितृसत्ता की आलोचना से रहित आलोचना को धर्मनिरपेक्ष आलोचना कहा जा सकता है ? 19वीं शताब्दी में स्त्री का मुद्दा जब धार्मिक-सामाजिक सुधार आंदोलनों के एजेण्डे पर आया तो उसमें स्वतंत्रता की अवधारणा शामिल नहीं थी । स्त्री स्वतंत्रता का प्रश्न तो अभी बहुत दूर था । स्त्री की स्वतंत्रता से जुड़े मसले बीसवीं शती में प्रमुखता से उभरकर सामने आते हैं। औपनिवेशिक दासता के युग में राष्ट्र की स्वतंत्रता की मांग और उसके लिए संघर्ष महत्वपूर्ण था। अन्य सभी चीजें आनुषंगिक थीं। एक तरफ देश की स्वतंत्रता की धारणा थी जिसके साथ किसी का विरोध नहीं था लेकिन अन्य समूह भी उसी परतंत्रता का अनुभव कर रहे थे जिनकी तरफ ध्यान नहीं दिया गया। इसी सदी में स्त्री के सवालों पर स्त्रीवादी आंदोलन सारी दुनिया में जन्म लेता है और स्त्रीवाद का दर्शन सामने आता है। स्त्री साहित्य के सवाल केन्द्रीय सवाल हैं। स्त्री-विमर्श खाली समय या आनंद के समय का विमर्श नहीं है। हिन्दी में स्त्री साहित्य और उसकी सैद्धांतिकी अभी भी अकादमिक जगत में प्रवेश नहीं कर पायी है। साहित्यिक पत्रिकाएं स्त्री विमर्श के नाम पर मांग और पूर्ति के मायावी तर्कजाल में कैद हैं । स्त्री साहित्य या स्त्री विमर्श में प्रयुक्त धारणाओं का सही नाम और सही संदर्भ में इस्तेमाल नहीं हो रहा। स्त्री से जुड़ी धारणाओं की मनमानी व्याख्याएं पेश की जा रही हैं। स्त्री साहित्य के मूल्यांकन के संदर्भ में सबसे बड़ी चुनौती है अवधारणाओं की सही समझ की। अंग्रेजी साहित्य में स्त्रीवाद जनप्रिय पदबंध है। किन्तु हिन्दी में यह उतना जनप्रिय नहीं है। बल्कि यह कहना ज्यादा सही होगा कि हिन्दी के समीक्षकों को इस पदबंध में कोई आकर्षण नजर नहीं आता । स्त्रीवादी साहित्यालोचना हमेशा अन्य से ग्रहण करके ही अपना विकास करती रही है, इसमें अन्य के विचारों के प्रति तिरस्कार का भाव नहीं है। यह अन्य के विचारों को वहां तक आत्मसात् करने के लिए तैयार है जहां तक वे स्त्री के हितों, भावों, जीवन मूल्यों और यथार्थ को विकसित करने में सहायता करते हैं। स्त्रीवादी साहित्यालोचना की पूर्ववर्ती साहित्यालोचना के स्कूलों से इस अर्थ में भिन्नता है कि वे एकायामी थे। जबकि स्त्रीवादी साहित्यालोचना बहुआयामी है। व

About Author

जगदीश्वर चतुर्वेदी: मथुरा में 1957 में जन्म। आरंभ में 13 वर्षों तक सिद्धांत- ज्यैतिषशास्त्र का अध्ययन । ज्यौतिषशास्त्र पर आरंभ में दो पुस्तकें प्रकाशित । संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से सिद्धांत ज्यौतिषाचार्य (1979), जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से हिंदी में एम.ए. (1981). एमफिल, (1982) (आपातकालीन हिंदी कविता और नागार्जुन), पीएच.डी. (स्वातंत्र्योत्तर हिंदी कविता की मार्क्सवादी समीक्षा का मूल्यांकन), (1986), कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सन् 1989 से 2016 तक अध्यापन कार्य, तीन बार विभागाध्यक्ष । साहित्यालोचना और मीडिया पर 58 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सन् 1989 में प्रवक्ता, सन् 1993 में रीडर और सन् 2001 में प्रोफेसर पद पर नियुक्ति । सन् 2016 में रिटायर । प्रकाशित कुछ प्रमुख पुस्तकें - उंबेर्तो इको: चिह्नशास्त्र साहित्य और मीडिया (2012), मीडिया समग्र 11खंडों में (2013), साहित्य का इतिहास दर्शन (2013), डिजिटल कैपीटलिज्म, फेसबुक संस्कृति और मानवाधिकार (2014), इंटरनेट, साहित्यालोचना और जनतंत्र (2014). नामवर सिंह और समीक्षा के सीमात (2016), रामविलास शर्मो परवर्ती पूंजीवाद और साहित्येतिहास की समस्याएं (2017). उत्तर आधुनिकतावाद (2004), तिब्बत दमन और मीडिया (2009), नंदीग्राम, मीडिया और भूमंडलीकरण (2008). स्त्रीवादी साहित्य विमर्श (2000), मार्क्सवादी साहित्यालोचना की समस्याएं, साइबर परिप्रेक्ष्य में हिंदी संस्कृति, उत्तर आधुनिकतावाद और विचारधारा, आधुनिकतावाद और विचारधारा, लेखक विश्वदृष्टि और संस्कृति । सुधा सिंह : जन्म कोलकाता, प. बंगाल । कलकत्ता विश्वविद्यालय से एम. हिंदी (स्वर्ण पदक), सुप्रसिद्ध आलोचक रामविलास शर्मा के आलोचना कर्म पर पीएच.डी । श्री शिक्षायतन महाविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय से व्याख्याता (हिंदी) की नौकरी का आरंभ। तत्पश्चात् विश्वभारती विश्वविद्यालय, प. बंगाल में हिन्दी व्याख्याता के पद पर लगभग पांच वर्षों तक अध्यापन। सन् 2004 में, हिंदी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय में रीडर (मीडिया, जर्नलिज्म और अनुवाद) पद पर नियुक्ति । सन् 2010 से हिंदी विभाग, दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रोफेसर पद पर कार्यरत । सन् 2010-12 तक आईसीसीआर चेयर पर अश्गाबात, तुर्कमेनिस्तान में हिंदी भाषा और साहित्य की संस्थापक विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में कार्य । आलोचना, मीडिया, पत्रकारिता और अनुवाद के क्षेत्र में अनेक पुस्तकें प्रकाशित। बांग्ला से हिंदी में राससुंदरी दासी की आत्मकथा का मेरा जीवन' नाम से अनुवाद। अंग्रेजी से हिंदी में जनमाध्यम, जनतंत्र जनमाध्यम और वर्तमान संकट', 'सूचना समाज' पुस्तकों का संपादन और अनुवाद। महत्वपूर्ण आलोचना पुस्तकों में 'आधुनिक काल और रामविलास शर्मा, ज्ञान का स्त्रीवादी पाठ', 'जनमाध्यम सैद्धांतिकी, स्त्री संदर्भ में महादेवी', 'स्त्री कथा', 'स्त्री अस्मिताः साहित्य और विचारधारा, 'मध्यकालीन साहित्य विमर्श (सं). 'मीडिया प्राच्यवाद और वर्चुअल यथार्थ', 'स्वाधीनता संग्राम हिंदी प्रेस और स्त्री का वैकल्पिक क्षेत्र. 'वैकल्पिक मीडिया लोकतंत्र और नॉम चोमस्की आदि।

Table of Content

भूमिका अध्याय 1 लिंगभेद का वैज्ञानिक आख्यान अध्याय 2 स्त्रीवादी मार्क्सवादी दृष्टि अध्याय 3 पितृसत्ता के नए वैचारिक क्षेत्र और स्त्री अध्याय 4 पितृसत्ता और उत्तर-संरचनावाद अध्याय 5 अस्मिता, स्त्रीभाषा और स्त्रीत्व अध्याय 6 पितृसत्ता और सीमोन द बोउवार अध्याय 7 उत्तर-आधुनिकतावाद और मार्क्सवाद की स्त्रीवादी आलोचना अध्याय 8 स्त्री अध्ययन की प्रमुख समस्याएँ अध्याय 9 कामशास्त्र की परंपरा में वात्स्यायन और मिशेल फूको अध्याय 10 स्त्री, सत्ता, सेक्स और मिशेल फूको अध्याय 11 पोर्न और सीयिवाद की समस्याएँ अध्याय 12 पितृसत्ता, परंपरा और आधुनिकता अध्याय 13 सामाजिक प्रेम और स्त्रीवाद अध्याय 14 स्त्री: संस्कृति और स्वाधीनता अध्याय 15 अस्मितामूलक विमर्श का बढ़ता दायरा